हाथरस में मिलावटखोरों और अवैध शराब कारोबारियों की खैर नहीं, डीएम ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

हाथरस में मिलावटखोरों और अवैध शराब कारोबारियों पर प्रशासन सख्त। डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश। जानिए पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 1:22 PM IST

हाथरस: जिले में मिलावटखोरों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालयों में लंबित मुकदमों की प्राथमिकता से पैरवी की जाए। डीएम ने यह निर्देश गुरुवार को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अभियोजन कार्यों एवं नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक में दिए।

लंबित मुकदमों की पैरवी में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में डीएम ने गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में तेजी लाने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विभिन्न धाराओं में लंबित मुकदमों के साथ महिला अपराधों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने हत्या, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर महिला अपराधों के मुकदमों का अलग से चार्ट तैयार करने और उनकी नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने पुलिस और अभियोजन विभाग को आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया।

चुनावी वर्ष को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश

डीएम ने बैठक की (Img : Dynamite News)

डीएम ने कहा कि आगामी वर्ष चुनावी वर्ष है। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें। मिट्टी के अवैध खनन, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

अवैध शराब और मिलावट के खिलाफ चलाएं अभियान

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाने और खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने के निर्देश दिए। मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। जिला आबकारी अधिकारी को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

गांवों में चौपाल लगाकर सुनें ग्रामीणों की समस्याएं

डीएम ने शीतकालीन भ्रमण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों को गांवों का नियमित भ्रमण करने और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने को कहा। उन्होंने शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस को नियमित गश्त और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, कानून व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने गंभीर मामलों में विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने और अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय कर न्यायालयों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अभियोजन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।

Location :  Hathras

Published :  26 November 2026, 1:22 PM IST