
लखनऊ-पलिया हाईवे पर सनसनीखेज वारदात
Hardoi: लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां कार सवार बदमाशों ने एक थोक व्यापारी की गाड़ी रोककर पांच किलो चांदी से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी हृदय राम सोनी सोने-चांदी के थोक व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि रविवार रात वह अपने ड्राइवर के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। जब उनकी कार शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास पहुंची, तभी पीछे से एक स्विफ्ट कार तेजी से आई।
आरोप है कि स्विफ्ट कार सवार युवकों ने ओवरटेक कर व्यापारी की कार को रोक लिया। इसके बाद कार से उतरे चार युवकों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और अंदर रखा चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। व्यापारी के मुताबिक, बैग में करीब पांच किलो चांदी रखी हुई थी, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारी से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
व्यापारी की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों और उनकी कार की पहचान की जा सके।
Bank Strike Update: बैंक जाने वालों के लिए बड़ी खबर, 28 से 30 सितंबर तक बंद नहीं होंगे बैंक
वहीं, हाईवे पर हुई इस लूट की घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Hardoi
Published : 28 September 2026, 6:06 AM IST