
हरदोई स्कूल विवाद ने पकड़ा तूल (Image Source: Internet)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल का व्यवहार चर्चा का विषय बना हुआ है। न्यू सनबीम स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा पर महिला अभिभावक के साथ अभद्रता करने और अपमानजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन और शिक्षा विभाग दोनों हरकत में आ गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत स्कूल में इस्तेमाल होने वाली कॉपी को लेकर हुई। पीड़िता नीलम वर्मा अपने बच्चे की पढ़ाई से जुड़ी कॉपी के संबंध में स्कूल पहुंची थीं। आरोप है कि स्कूल प्रशासन बच्चे को केवल स्कूल के लोगो वाली कॉपी में ही काम करने के लिए दबाव बना रहा था।
नीलम वर्मा ने स्कूल प्रशासन से कुछ समय की मांग की, लेकिन इसी दौरान विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि प्रिंसिपल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रिंसिपल ममता मिश्रा महिला पर ऊंची आवाज में बोलती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में कथित रूप से उन्हें "जाहिल, गवार और अनपढ़" जैसे शब्द कहते हुए सुना गया। इतना ही नहीं महिला को स्कूल से बाहर जाने के लिए कहा गया और 'गेट आउट" जैसी भाषा का इस्तेमाल भी सामने आया।
Hamirpur News: महिला को बातों में उलझाकर ठगी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात; पढ़ें पूरी खबर
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने स्कूल प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए। मामला तेजी से फैलने लगा और स्थानीय स्तर पर भी विरोध शुरू हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और अभिभावकों के सम्मान के मुद्दे को उठाया।
विरोध बढ़ने के बाद प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने सफाई देते हुए कहा कि घटना के समय वह तनाव में थीं। उन्होंने दावा किया कि वैक्सीनेशन के दौरान एक बच्ची की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने से वह मानसिक दबाव में थीं, जिसके कारण आवाज ऊंची हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी वजह से किसी को ठेस पहुंची है तो वह लिखित माफी देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपनी गलती स्वीकार करने की बात कही।
मैनपुरी में दबंगों का कहर, घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, पत्नी से भी मारपीट का आरोप
हालांकि, माफी के बावजूद मामला कानूनी रूप ले चुका है। नीलम वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ SC-ST एक्ट और गाली-गलौज सहित गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने जांच कमेटी गठित की है। जांच में यह देखा जा रहा है कि क्या स्कूल जबरन अपनी किताबें और कॉपियां बेचने का दबाव बना रहा था। साथ ही स्कूल के रिकॉर्ड, शिक्षकों के बयान और वायरल वीडियो की जांच भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिक्षा विभाग की शुरुआती जांच में स्कूल की कुछ कमियां सामने आने की बात भी कही गई है।
Location : Hardoi
Published : 30 April 2026, 2:16 PM IST
Topics : Education Department Investigation Hardoi News School Principal Controversy Uttar Pradesh News Viral Video Case