
एक्शन में योगी सरकार (Img: AI)
Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में 61 गणित शिक्षकों की भर्ती से जुड़े विवाद में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। तत्कालीन बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. अजीत सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं और विभागीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने के बाद उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
शिक्षकों की नियुक्ति और काउंसलिंग प्रक्रिया में गड़बड़ियों के आरोप लगने के बाद मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट तक पहुंचा था। कोर्ट के निर्देश पर शासन ने पूरे प्रकरण की जांच कराई। जांच के दौरान भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कई अहम रिकॉर्ड और पत्रावलियां उपलब्ध नहीं कराई गईं, जिससे अधिकारियों की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई।
Hardoi News: प्रेम कहानी का खौफनाक अंत! घर में एक ही फंदे से लटके मिले युवक-युवती के शव
विभागीय जांच रिपोर्ट में बताया गया कि चयनित शिक्षकों के वेतन, पेंशन और अन्य वित्तीय मामलों के निस्तारण में भी गंभीर लापरवाही बरती गई। इसके अलावा, ECCE इंस्ट्रक्टर भर्ती के दौरान शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और नियमों का समुचित पालन नहीं किया गया। इन मामलों में तत्कालीन बीएसए डॉ. अजीत सिंह की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी माना गया।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि जिलाधिकारी की जांच रिपोर्ट में कई गंभीर तथ्य सामने आए थे। रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद राज्यपाल की स्वीकृति से डॉ. अजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। विभागीय कार्रवाई पूरी होने तक वह निलंबित रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई केवल शुरुआती चरण है। भर्ती प्रक्रिया में शामिल अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच जारी है। यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। हालांकि, फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। बीएसए के निलंबन के बाद हरदोई के शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है। पूरे मामले पर अब सभी की नजर विभागीय जांच की अगली कार्रवाई और संभावित नए खुलासों पर टिकी हुई है।
Location : Hardoi
Published : 2 July 2026, 7:25 PM IST