
ट्विशा शर्मा (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी 16th एवेन्यू सोसाइटी में ट्विशा शर्मा मामले को लेकर रविवार को शोक सभा आयोजित की गई। इस दौरान ट्विशा के परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासी शामिल हुए। लोगों ने ट्विशा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गौर सिटी 16th एवेन्यू सोसाइटी में आयोजित शोक सभा के दौरान लोगों ने हाथों में पोस्टर लेकर मौन मार्च निकाला। सोसाइटी परिसर में कुछ देर का मौन रखकर ट्विशा शर्मा को याद किया गया। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों की आंखें नम थी और हर कोई इस घटना को लेकर दुखी नजर आया। शोक सभा में शामिल लोगों ने कहा कि ट्विशा को न्याय मिलने तक उनकी आवाज बुलंद रहेगी। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए एकजुटता दिखाई।
ट्विशा के परिजनों ने शोक सभा के दौरान कहा कि उनकी बेटी बेहद होनहार और आत्मविश्वासी थी। उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात पर यकीन नहीं है कि ट्विशा जैसा व्यक्तित्व आत्महत्या जैसा कदम उठा सकता है।
उन्होंने कहा कि वे भारत के मुख्य न्यायाधीश का धन्यवाद करते हैं और मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की शुरुआती कार्रवाई से संतुष्ट हैं। उनके मुताबिक CBI देश की प्रतिष्ठित जांच एजेंसी है और उन्हें भरोसा है कि जांच के जरिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।
शोक सभा में मौजूद एक महिला निवासी ने बताया कि ट्विशा बेहद खुशमिजाज और मिलनसार स्वभाव की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने ट्विशा की शादी के वीडियो भी देखे थे और यह विश्वास करना मुश्किल है कि उसके साथ ऐसा दुखद घटनाक्रम हुआ। महिला ने कहा कि ट्विशा अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी और उसकी मौत ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि यह सिर्फ एक परिवार की लड़ाई नहीं है, बल्कि न्याय और सच की लड़ाई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां निष्पक्ष तरीके से काम करेंगी और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
Location : Noida
Published : 1 June 2026, 11:55 AM IST