गोरखनाथ पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 घंटे में दबोचे ‘महिला लूट गैंग’ के दो शातिर, सर्राफा कारोबारी भी गिरफ्तार, पढिए पूरी खबर

Symbolic Photo
Gorakhpur: गोरखपुर के गोरखनाथ थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदात अंजाम देने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। इलाके में दहशत फैलाने वाले इस गैंग का खुलासा होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले एक सर्राफा कारोबारी को भी हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
घटना 22 फरवरी की है। गुलहरिया निवासी कमलेश निषाद की मां ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। रास्ते में उनके साथ बैठे दो युवकों ने बातचीत के बहाने उन्हें उलझाया और मौका पाकर उनके जेवरात लेकर फरार हो गए। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की और जांच शुरू कर दी।
आरोपियों की पहचान
पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान वीरू राम उर्फ वीरू और रवि कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे खास तौर पर बुजुर्ग और ग्रामीण महिलाओं को निशाना बनाते थे। ई-रिक्शा या ऑटो में उनके पास बैठकर बातचीत करते और फिर जेवर लूटकर पीछे चल रही बाइक पर सवार अपने साथी के साथ फरार हो जाते थे।
आरोपियों के खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया जेवरात बरामद कर लिया है। वहीं लूट का सामान खरीदने वाले सर्राफा कारोबारी संजय वर्मा निवासी बसंतपुर रैनबसेरा थाना राजघाट को भी गिरफ्तार किया गया है।