
पीड़िता की आपबीती सुन कांप उठेगा दिल
Gorakhpur : सहजनवां क्षेत्र के बोक्टा गांव निवासी अनीता यादव ने अपने दो बच्चों के साथ गोरखपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने अपने पति श्याम मोहन यादव और ससुराल पक्ष पर लंबे समय से मानसिक, शारीरिक और आर्थिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता अनीता यादव का कहना है कि शादी के लगभग 20 वर्षों बाद भी उन्हें लगातार उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि उनके पति न तो बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के लिए आर्थिक सहायता देते हैं और न ही घर के राशन व दैनिक जरूरतों की जिम्मेदारी निभाते हैं।
अनीता ने बताया कि पति श्याम मोहन यादव अधिकतर अपने भाई कृष्ण मोहन यादव और भाभी विमला देवी के साथ रहते हैं और उन्हीं की बातों को महत्व देते हैं। पीड़िता के अनुसार परिवार में उनका कोई सहयोग नहीं किया जाता और उन्हें लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ता है।
Gorakhpur News: वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
पीड़िता का यह भी आरोप है कि सास-ससुर के जीवित रहते कुछ हद तक घर का राशन मिल जाता था, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद यह सहायता भी पूरी तरह बंद कर दी गई। इसके बाद स्थिति और गंभीर हो गई। अनीता यादव ने आरोप लगाया कि जब वह बच्चों की पढ़ाई या घर के खर्च के लिए आर्थिक मदद या जमीन की मांग करती हैं तो उन्हें मारपीट और गाली-गलौज का सामना करना पड़ता है। साथ ही उन्हें जान से मारने और तलाक देने की धमकी भी दी जाती है। उन्होंने अपने जेठ और जेठानी पर भी प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
डाइनामाइट न्यूज से बातचीत में पीड़िता ने बताया कि वह कई बार स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं पीड़िता के भाई विजय यादव ने भी आरोप लगाया कि उनकी बहन को लगातार ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब भी वे अपनी बहन की सहायता के लिए राशन या आर्थिक मदद भेजते हैं तो उन्हें भी गालियां दी जाती हैं और पहले उन पर हमला भी किया जा चुका है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है और न्याय की गुहार लगाई है।
Location : gorakhpur
Published : 7 June 2026, 9:52 AM IST