
बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता
गोरखपुर: जनपद में बढ़ती छिनैती और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बेलघाट पुलिस टीम ने छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 06 अदद मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष बेलघाट के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने थाना बेलघाट पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 12/2026 से संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान देवा राय पुत्र संजय राय निवासी भरतपुरा थाना धनघटा जनपद संतकबीरनगर, उज्ज्वल राय पुत्र दुर्योधन राय निवासी पकड़ी मौझा थाना गगहां जनपद गोरखपुर तथा प्रियांशु दूबे पुत्र स्वर्गीय कृष्ण दूबे निवासी ग्राम बनियापार थाना गगहां जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त लंबे समय से छिनैती की वारदातों में सक्रिय थे।
Republic Day 2026 पर दिखी भारत की अत्याधुनिक युद्ध क्षमता, आत्मनिर्भर रक्षा शक्ति का दमदार प्रदर्शन
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दिनांक 14 जनवरी 2026 को पीड़ित से रास्ता पूछने के बहाने अभियुक्तों ने दोपहिया वाहन पर सवार होकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद अभियुक्तों ने मोबाइल के माध्यम से पीड़ित के खाते से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना बेलघाट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान लूट का एक मोबाइल फोन, अन्य पांच मोबाइल फोन (कुल छह मोबाइल) तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
Republic Day 2026: शीतकाल में भी राष्ट्रभक्ति का जज्बा, केदारनाथ में पुलिस और ITBP ने फहराया तिरंगा
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अभिषेक यादव, कांस्टेबल लाल साहब, कांस्टेबल चन्दन सिंह एवं कांस्टेबल संदीप विश्वकर्मा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से अपराधियों में भय और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा। फिलहाल पुलिस द्वारा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 26 January 2026, 8:55 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News UP News