हिंदी
गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल (Img: Google)
Gorakhpur: जनहित और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने जनपद में पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए चार निरीक्षक एवं उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी द्वारा जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार प्रभारी निरीक्षक तिवारीपुर पंकज कुमार सिंह को अब प्रभारी निरीक्षक बांसगांव बनाया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक बांसगांव संतोष कुमार अवस्थी को प्रभारी निरीक्षक एम्स थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रभारी निरीक्षक एम्स चन्द्र प्रकाश पाण्डेय को जनपद के महत्वपूर्ण गोला थाना का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में चौकी प्रभारी जंगल छत्रधारी उपनिरीक्षक विकास कुमार सिंह को पदोन्नत जिम्मेदारी देते हुए थानाध्यक्ष तिवारीपुर बनाया गया है। तिवारीपुर थाना शहरी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण थाना माना जाता है, ऐसे में यह नियुक्ति विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। जानकारों का मानना है कि एसएसपी ने अधिकारियों के अनुभव, कार्यशैली और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। खासकर बांसगांव, एम्स, गोला और तिवारीपुर जैसे महत्वपूर्ण थाना क्षेत्रों में नई तैनातियां पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। ऐसे में अधिकारियों की नई तैनाती से थाना स्तर पर कार्यकुशलता बढ़ने और जनता को बेहतर पुलिसिंग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गाजियाबाद में बड़ा बवाल! सभासद ने क्यों किया आत्मदाह का प्रयास? लोनी नगर पालिका पर गंभीर आरोप
एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी एवं शाखाएं स्थानांतरण आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव के बाद अब नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
Location : Gorakhpur
Published : 30 May 2026, 10:24 AM IST