जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में एसआरएम टीम ने सोमवार को निरीक्षण किया। संत कबीर नगर से पहुंची टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर मुफ्त इलाज और दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में SRM टीम का निरीक्षण,
Gorakhpur: सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में एसआरएम विजिट के तहत जनपद संत कबीर नगर से पहुंची टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। टीम में जिला मलेरिया अधिकारी राकेश कुमार पाल एवं डिस्ट्रिक्ट डेटा मैनेजर सर्वेश श्रीवास्तव शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न इकाइयों का बारीकी से अवलोकन करते हुए समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण की शुरुआत रजिस्ट्रेशन काउंटर से हुई, जहां मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया और अभिलेखों की जांच की गई। इसके बाद दवा वितरण कक्ष में फार्मासिस्ट द्वारा उपलब्ध दवाओं के स्टॉक एवं उपकरणों का परीक्षण किया गया। टीम ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन उपलब्ध दवाओं की सूची सूचना पट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि मरीजों को पारदर्शी जानकारी मिल सके।
प्रयोगशाला में विभिन्न जांचों की उपलब्धता और गुणवत्ता की समीक्षा की गई। वहीं लेबर रूम में मौजूद मरीजों से सीधे संवाद कर मुफ्त इलाज और दी जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। मरीजों ने संतोषजनक सेवाओं की पुष्टि की, जिस पर टीम ने प्रसन्नता जताई। चिकित्सक कक्ष में मरीजों के उपचार संबंधी विवरण एवं रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी, फार्मेसी, प्रयोगशाला, ऑपरेशन थियेटर, वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, शौचालय, बीपीएमयू यूनिट, लेबर रूम तथा अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। टीम ने परिसर में और अधिक साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी, कैंसर, शुगर जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग, गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं के टीकाकरण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा भी की गई।
गोरखपुर में कार्य में कोताही बरतने पर नगर आयुक्त का एक्शन, इन कर्मियों पर गिरी गाज
निरीक्षण के उपरांत टीम क्षेत्रीय एएएम सब सेंटर के निरीक्षण के लिए रवाना हो गई। इस दौरान डॉ. रजनीश राहुल, डॉ. चंद्र कुमार मौर्य, चीफ फार्मासिस्ट जे.के. सिंह, फार्मासिस्ट अनुप श्रीवास्तव, के.एम. उपाध्याय, स्टाफ नर्स मीना, स्वाती सिंह, सरिता राय, गायत्री मिश्रा, लैब टेक्नीशियन अरुण मिश्रा, पूनम मौर्य, अफरीन जिलानी, काउंसलर संजीव अग्रहरी, विन्ध्यवासिनी एवं अजीत राय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।