
घर से निकला बालक, फिर आई अपहरण की तस्वीर (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के सिकरीगंज में ऑनलाइन गेम की लत ने एक बालक को ऐसी हरकत करने पर मजबूर कर दिया, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। बालक ने खुद के अपहरण की कहानी रची और AI से तैयार फोटो पिता को भेजकर एक लाख रुपये की फिरौती मांग ली। पुलिस ने महज दो घंटे में उसे बरामद कर पूरी कहानी का खुलासा कर दिया।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा है। इसी बीच बालक के मोबाइल से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं। तस्वीरों के साथ एक लाख रुपये की मांग की गई।
फोटो और फिरौती की रकम देखकर परिवार के लोग घबरा गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 219/2026 के तहत धारा 308(3) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया।
बालक की तलाश के लिए सिकरीगंज पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस टीम ने उसके मोबाइल नंबर की CDR खंगाली और संभावित स्थानों के CCTV फुटेज की जांच की।
पुलिस लगातार मिले सुरागों को जोड़ती रही। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर टीम बालक तक पहुंचने में सफल रही। करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया।
बालक से पूछताछ के बाद पूरे मामले की असली कहानी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, बालक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है। गेम में पैसा लगाने के लिए उसने खुद के अपहरण की कहानी तैयार की थी।
इसके बाद AI की मदद से एक फोटो तैयार की गई और उसे पिता के मोबाइल पर भेज दिया गया। फोटो के साथ एक लाख रुपये की मांग की गई, ताकि रकम मिलने के बाद उसका इस्तेमाल ऑनलाइन गेम में किया जा सके।
यानी जिस अपहरण को लेकर परिवार और पुलिस परेशान थी, उसकी पूरी कहानी बालक ने खुद ही तैयार की थी।
नैनीताल में सनसनी: पार्किंग की 5वीं मंजिल से गहराई में गिरा यूपी का युवक, रेस्क्यू के बाद तोड़ा दम
पुलिस ने बालक को बरामद करने के बाद नियमानुसार उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना ने बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और इसके चलते पैदा होने वाले जोखिमों को भी उजागर किया है।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों, मोबाइल इस्तेमाल और गेमिंग पर नजर रखें।
बालक की बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे, उपनिरीक्षक रमेश कुमार साहनी, कांस्टेबल बलवीर सिंह, कांस्टेबल नरेन्द्र यादव और कांस्टेबल विश्वजीत साहनी शामिल रहे। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष सिकरीगंज के नेतृत्व में की गई।
Location : Gorakhpur
Published : 13 August 2026, 10:56 AM IST
Topics : Ai News Gorakhpur News Online Gaming