गोरखपुर में बाइक-ऑटो की भीषण भिड़ंत, बलजीत की मौके पर मौत; मासूम बच्चों समेत कई घायल, दो की हालत नाजुक

गोरखपुर के सिकरीगंज में मंगलवार को बाइक और टेंपो की भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बनकटी गांव के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार बलजीत विश्वकर्मा की मौके पर मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 21 October 2026, 1:59 PM IST

Gorakhpur: सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बनकटी गांव के समीप यूएस सेंट्रल एकेडमी स्कूल के सामने मंगलवार को बाइक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार कई लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू की।

युवक की मौत से मचा कोहराम

मृतक की पहचान बारीगांव निवासी बलजीत विश्वकर्मा पुत्र रामदरश विश्वकर्मा के रूप में हुई। बलजीत चार भाइयों में सबसे छोटा था और उरुवां बाजार में बाइक मरम्मत का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया।

ये भी पढे़ं- आगरा यूनिवर्सिटी में फिर बवाल! छात्रों ने मुख्य गेट पर जड़ा ताला, आखिर क्यों भड़के विद्यार्थी?

दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने जा रहे थे यात्री

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, टेंपो गोरखपुर की ओर से यात्रियों को लेकर सिकरीगंज आ रहा था। टेंपो में सवार लोग दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान बनकटी गांव के पास स्कूल के सामने बाइक और टेंपो में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार बलजीत की जान चली गई, जबकि टेंपो में बैठे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

हादसे में इन्हें आई चोट

हादसे में ढखवा बाजार निवासी सूरज के परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। उनके दस वर्षीय पुत्र सुजीत और 12 वर्षीय पुत्री पूनम के अलावा प्रिया और रिया को भी चोटें आईं। सूरज पुत्र फौजदार के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। उनके गले और मुंह में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, एकडंगा निवासी शंभूनाथ के पुत्र प्रिंस के मुंह और जबड़े में गंभीर चोट लगी। बेला बुजुर्ग निवासी रामशिव के पुत्र पंकज के सिर में चोट आई। प्रिंस और पंकज की हालत नाजुक बताई गई।

ये भी पढे़ं- बदायूं में घर लौट रहे पंचायत सहायक की दर्दनाक मौत, एक टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार; हादसे के बाद चालक फरार

घटना की सूचना पर सिकरीगंज थाना प्रभारी आशीष कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल भेज दिया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जद्दूपट्टी स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार देने के बाद गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार जारी रहा। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 October 2026, 1:59 PM IST