हिंदी
गोरखपुर में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव
Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मकरहट में मंगलवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। गांव की 16 वर्षीय छात्रा खुशबू प्रजापति का शव घर के अंदर दुपट्टे के फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान खुशबू प्रजापति पुत्री ओरी प्रजापति के रूप में हुई है। वह कक्षा नौ की छात्रा थी और पढ़ाई में रुचि रखने वाली बताई जा रही है। घटना के समय उसके पिता किसी आवश्यक कार्य से घर से बाहर गए हुए थे।
परिजनों के अनुसार, पिता के लौटने पर खुशबू ने सामान्य ढंग से सब्जी काटी, परिवार के लिए भोजन तैयार किया और किसी तरह की परेशानी या तनाव के संकेत भी नहीं दिए। इसी कारण कुछ ही देर बाद उसके घर के अंदर मृत मिलने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया।
बताया जाता है कि शाम करीब साढ़े आठ बजे जब परिजनों ने उसे कमरे में देखा तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई थी। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पड़ोसी और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं तथा परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 July 2026, 2:33 AM IST