हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और एक कुख्यात गौ तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस मुठभेड़ में वांछित अपराधी अनूप यादव को गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी गौ तस्करी और कई अन्य आपराधिक मामलों में लिप्त था। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक फायरशुदा खोखा कारतूस और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मुठभेड़ में अनूप यादव घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि शाहपुर थाना क्षेत्र में वांछित अभियुक्त अनूप यादव अपाचे बाइक से जा रहा है। थाना प्रभारी नीरज कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन, अनूप ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें अनूप के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और मोटरसाइकिल बरामद हुई।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अनूप यादव पुत्र दिनेश यादव, हरसेवपुर नंबर-2, टोला दहला, थाना गुलरिहा, गोरखपुर का निवासी है। उसका आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है, जिसमें गौ तस्करी, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसे 29 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें गोरखनाथ, चिलुआताल, पिपराइच, राजघाट, शाहपुर, सहजना, तिवारीपुर और कैंट थानों में दर्ज मुकदमे शामिल हैं।
आरोपी पर पंजीकृत मुकदमा
इस मुठभेड़ के बाद आरोपी के खिलाफ, शाहपुर थाने में मुकदमा संख्या 256/2025, धारा 109(1) भा.न्या.सं. और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, अनूप यादव थाना शाहपुर में मुकदमा संख्या 670/2024 (धारा 61(2) भा.न्या.सं. व 3/5A/8,5 गोवध निवारण अधिनियम) और मुकदमा संख्या 254/2025 (धारा 109(1) भा.न्या.सं.) में भी वांछित था। बरामद सामान में 1 देशी तमंचा (.315 बोर), 1 जिंदा कारतूस (.315 बोर), 1 फायरशुदा खोखा कारतूस (.315 बोर) और 1 अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
राज करन नैय्यर ने चलाया अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर राज करन नैय्यर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के मार्गदर्शन में की गई है। मुठभेड़ में शामिल पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय, उपनिरीक्षक अंजय सिंह, मधुरेश त्रिवेदी, संजय सिंह, सत्यम सिंह, अभय पाण्डेय, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह यादव, कांस्टेबल राघवेंद्र दूबे, अर्जुन शर्मा, अभिषेक सिंह, जय प्रकाश यादव, गौरव यादव और अजय कुमार यादव शामिल थे।
Location : Gorakhpur
Published : 25 May 2025, 10:57 AM IST