
गोरखपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा
Gorakhpur: एम्स थाना क्षेत्र के महादेव झारखंडी कॉलोनी में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई और नीचे कूदने की बात कहने लगी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। महिला दरोगा के इस साहसिक प्रयास की पुलिस अधिकारियों ने सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार, रविवार 30 अगस्त को दोपहर करीब 1:30 बजे एम्स थाना पुलिस को सूचना मिली कि महादेव झारखंडी कॉलोनी में एक लड़की पानी की टंकी पर चढ़ी हुई है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। वहां युवती पानी की टंकी के ऊपर मौजूद थी।
महिला उपनिरीक्षक और पुलिस टीम ने युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए कहा, लेकिन युवती बार-बार नीचे कूद जाने की बात कहती रही। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब युवती ने पानी की टंकी के पाइप को पकड़कर नीचे लटकने का प्रयास किया।
मौके की नाजुक स्थिति को भांपते हुए महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार ने बिना देर किए साहसिक कदम उठाया। वह युवती के समीप पहुंचीं और उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
युवती को सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। इस दौरान महिला उपनिरीक्षक जागृति खरवार की त्वरित कार्रवाई और साहस की लोगों ने भी सराहना की।
पुलिस विभाग के अनुसार, संकट की घड़ी में महिला उपनिरीक्षक द्वारा दिखाई गई तत्परता और साहस सराहनीय है। उनके इस साहसिक कार्य को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर और पुलिस अधीक्षक नगर ने जागृति खरवार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने उनके कार्य की सराहना करते हुए इसे पुलिस की संवेदनशीलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया।
Location : Gorakhpur
Published : 1 September 2026, 1:28 AM IST