पहले ही समाधान दिवस में एसडीएम कुणाल रस्तोगी का सख्त तेवर, भूमि विवादों पर अधिकारियों को दिए ये निर्देश

गोरखपुर की खजनी तहसील में नवागत एसडीएम कुणाल रस्तोगी ने अपने पहले ही समाधान दिवस में सख्त तेवर दिखाए। भूमि विवाद और राजस्व मामलों पर उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 4:23 PM IST

Gorakhpur: तहसील खजनी में शनिवार को नवागत उपजिलाधिकारी एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (आईएएस) कुणाल रस्तोगी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे नवागत एसडीएम के समक्ष बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों में सीधे आईएएस अधिकारी के सामने अपनी शिकायत रखने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी।

SDM ने अधिकारियों को दिए निर्देश

समाधान दिवस में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, अवैध कब्जे और पैमाइश से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवादों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच की जाए और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

एसडीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील और संबंधित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

ये भी पढ़ें- अमेठी में बंद सरकारी विद्यालयों में सपा ने मनाया शिक्षक दिवस, सरकार बनने पर स्कूल फिर शुरू कराने का किया ऐलान

नोटिस जारी कर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

समाधान दिवस के दौरान एक अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नवागत एसडीएम की इस सख्ती से अधिकारियों और कर्मचारियों में भी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश गया।

इसके बाद एसडीएम ने तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले आम नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिलना चाहिए।

ये भी पढ़ें- शिक्षक दिवस पर सपा का ‘अनोखा स्ट्राइक’! मिर्जापुर में बंद पड़े स्कूलों के बाहर बजाई घंटी; ‘PDA परिवार पढ़ेगा’ का बुलंद किया नारा

नियमित सफाई का भी रखा जाए ध्यान

महिलाओं सहित सभी आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तहसील परिसर की नियमित सफाई के लिए छह सफाई कर्मियों को अटैच करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से प्रसाधन स्थलों की नियमित सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

नवागत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की सख्त कार्यशैली और स्पष्ट निर्देशों से समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों में अपनी समस्याओं के निस्तारण को लेकर उम्मीद जगी। इस दौरान बीडीओ खजनी सुप्रिया, बीडीओ बेलघाट, सीओ खजनी दीपांशी राठौर, थानाध्यक्ष खजनी जयंत सिंह, थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष दुबे, थानाध्यक्ष बेलघाट संदीप यादव सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  5 September 2026, 4:23 PM IST