छुट्टी पर घर आए वन दरोगा की करंट लगने से दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

छुट्टी पर घर लौटे वन दरोगा कृष्णा दुबे की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के पड़पुरवा गांव में करंट की चपेट में आने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 7 July 2026, 2:02 AM IST

Gorakhpur: गगहा थाना क्षेत्र के पड़पुरवा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के रायपुर में तैनात वन दरोगा कृष्णा दुबे की करंट लगने से मौत हो गई। महज पांच दिन पहले ही वह छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे। घर लौटने की खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा दुबे सुबह घर में लगे टुल्लू पंप को चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान पंप में अचानक करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गए। परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण तत्काल उन्हें निजी वाहन से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अवकाश लेकर गए थे

बताया जा रहा है कि कृष्णा दुबे छत्तीसगढ़ के रायपुर में वन विभाग में वन दरोगा के पद पर कार्यरत थे। व्यस्त सरकारी सेवा के बीच वह पांच दिन पहले ही अवकाश लेकर अपने परिवार के साथ समय बिताने गांव आए थे। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह उनकी अंतिम घर वापसी साबित होगी।

गोरखपुर में युवक की मौत के बाद ऐसा क्या हुआ कि पुलिस जीप तक निशाने पर आ गई?

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही गगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टुल्लू पंप में इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट या बिजली के रिसाव के कारण करंट उतरा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।

Gorakhpur: गोरखपुर में वाटर पार्क बना जंग का मैदान, देर रात हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा

गांव में मचा सन्नाटा

वन दरोगा की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्णा दुबे मिलनसार और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे तथा अपनी मेहनत और ईमानदार कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।

उनके निधन की खबर मिलते ही रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लग गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 July 2026, 2:00 AM IST