
प्रतीकात्मक छवि (Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दहेज उत्पीड़न और विवाहिता के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। गोला थाना क्षेत्र के नेवरा गांव की रहने वाली एक महिला ने अपने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेवरा गांव निवासी करिश्मा यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी शादी करीब चार साल पहले अजय यादव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उन्हें परेशान किया जाने लगा।
करिश्मा के मुताबिक, उनके पति अजय यादव, सास सोनमती देवी, ससुर रामप्रवेश यादव, जेठ अमित यादव उर्फ पप्पू यादव और जेठानी रेनू देवी कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। विरोध करने पर उन्हें घर से बाहर निकालने का आरोप भी लगाया गया है।
जनपद गोरखपुर
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके देवर पंकज उर्फ आनंद यादव ने शादी में मिले जेवर और बर्तन बेच दिए। इसके अलावा, पति के अपनी भाभी रेनू देवी के साथ कथित प्रेम संबंधों का विरोध करने पर भी उनके साथ मारपीट की जाती थी। महिला का दावा है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
‘दबंगई पड़ी भारी, बाइक छोड़कर उल्टे पांव भागे हमलावर’: प्रतापगढ़ के बिहारगंज बाजार में बड़ा बवाल
करिश्मा यादव ने आरोप लगाया कि 15 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे उनके पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। तहरीर के अनुसार, उन्हें लात-घूंसों, लाठी-डंडों और पानी की पाइप से पीटा गया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाने और जान से मारने की कोशिश की गई। इसके बाद उन्हें घर से निकाल दिया गया। उन्होंने मायके पक्ष के लोगों को भी धमकी दिए जाने की बात कही है।
फिरोजाबाद में नसबंदी ऑपरेशन को लेकर विवाद, डॉक्टर पर आशा कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी दरवेश कुमार के निर्देश पर गोला पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 115(2), 352 और 351(3) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 25 October 2026, 2:57 PM IST