Gorakhpur: डीसीएम चालक कई टन सरिया लेकर फरार, ट्रक मालिक पर केस

जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी और चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें डीसीएम चालक कई टन सरिया लेकर रहस्यमय ढंग से फरार हो गया। घटना के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Gorakhpur: जनपद के गीडा थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी और चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें डीसीएम चालक 12.50 टन सरिया लेकर रहस्यमय ढंग से फरार हो गया। मामले में वाहन मालिक की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने चालक के साथ-साथ मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद ट्रांसपोर्ट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गीडा थाना क्षेत्र के देईपार निवासी अशोक कुमार पाण्डेय, जो गीडा सेक्टर-13 स्थित न्यू मेट्रो ट्रांसपोर्ट सर्विस में कमीशन एजेंट के रूप में कार्य करते हैं, ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट सर्विस के माध्यम से एक डीसीएम वाहन, जिसका चालक प्रमोद कुमार निवासी अजीजपुरा, रोजा (शाहजहांपुर) और मालिक लालजीत पुत्र छोटेलाल निवासी भगत सिंह पार्क, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली है, को 6 अप्रैल को गैलेंट इस्पात कंपनी से 12.50 टन सरिया लोड कराया गया था।

यह सरिया सूरज ट्रेडिंग कंपनी, ढकेरवा (लखीमपुर) पहुंचाया जाना था, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। 9 अप्रैल को जब चालक प्रमोद कुमार से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि लखनऊ-सीतापुर रोड पर वाहन खराब हो गया है। वहीं, वाहन मालिक लालजीत ने भी यही जानकारी दी।

हालांकि, कुछ समय बाद जब पुनः चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद से चालक और वाहन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। ट्रांसपोर्टर को आशंका है कि चालक और वाहन मालिक की मिलीभगत से सरिया को कहीं गायब कर दिया गया है।

राप्ती इको पार्क बनेगा गोरखपुर का नया आकर्षक पर्यटन केन्द्र, नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए गीडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चालक प्रमोद कुमार और वाहन मालिक लालजीत के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

गोरखपुर में बड़ा खुलासा, फर्जी बैनामा करने वाला शातिर गिरफ्तार; पढे़ं पूरी खबर

स्थानीय व्यापारियों ने की ये मांग

इस घटना ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में सुरक्षा और विश्वास पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Location :  Gorakhpur

Published :  13 April 2026, 5:00 PM IST

Advertisement