गोरखपुर: कल्याणकारी योजना के नाम पर साइबर ठगी का खेल, खोराबार पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खोराबार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैंक खाते का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई अहम सामान बरामद किए हैं। पढिए पूरी खबर

Updated : 14 March 2026, 9:26 PM IST

गोरखपुर:  जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खोराबार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बैंक खाते का दुरुपयोग कर साइबर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कई अहम सामान बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 10 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, 1 पासबुक, 1 एटीएम कार्ड और 3 एटीएम स्लीप बरामद हुई हैं।

क्या है पूरी खबर?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर चल रहे अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में खोराबार थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना खोराबार पर दर्ज मुकदमा संख्या 90/26 धारा 318(4), 3(5) बीएनएस व 66 डी आईटी एक्ट से संबंधित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में वंश निषाद पुत्र ओमप्रकाश निषाद निवासी नौसड़ थाना गीड़ा, शोभित गौड़ पुत्र सोनू गौड़ निवासी तारामंडल थाना रामगढ़ताल, शक्ति जायसवाल पुत्र रवि जायसवाल निवासी महादेव झारखंडी कूड़ाघाट थाना एम्स तथा शिवम पटवा पुत्र पशुपति पटवा निवासी कूड़ाघाट आवास विकास कॉलोनी थाना एम्स जनपद गोरखपुर शामिल हैं।

धनराशि और सिलाई मशीन दिलाने का लालच

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को एक महिला ने थाना खोराबार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके परिचित युवक शक्ति जायसवाल ने अपने साथी शिवम पटवा के साथ मिलकर उसे सरकारी कल्याणकारी योजना के तहत धनराशि और सिलाई मशीन दिलाने का लालच दिया। इसी बहाने आरोपियों ने महिला से उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लिया।

Maharajganj Theft: सामूहिक विवाह की खुशियों के बीच बड़ी वारदात, मची अफरा-तफरी; जानिये पूरा अपडेट

आरोप है कि आधार कार्ड के जरिए आरोपियों ने सिम कार्ड निकलवाया और बैंक में खाता खुलवाकर पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम अपने पास ही रख लिया। इसके बाद महिला के बैंक खाते का दुरुपयोग करते हुए लाखों रुपये का लेन-देन किया गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

डिजिटल साक्ष्यों की जांच

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त शक्ति जायसवाल के खिलाफ पहले से भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

नैनीताल की पहाड़ी पर बसा वो मंदिर, जहां जुड़ी हैं Neem Karoli Baba की कई मान्यताएं; पढ़ें रोचक कहानी

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह, चौकी प्रभारी डांगीपार मनोज कुमार, उपनिरीक्षक शुभम शर्मा, महिला उपनिरीक्षक श्रुति वर्मा, उपनिरीक्षक अनूप सरोज, कंप्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल वीर बहादुर, हेड कांस्टेबल मिथिलेश राय और कांस्टेबल सुरेंद्र भास्कर की टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 14 March 2026, 9:26 PM IST