थाना एम्स क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ एवं धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीसरे नामजद अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। पुलिस अब प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

महिला से छेड़छाड़ केस में बड़ा अपडेट
Gorakhpur: थाना एम्स क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ एवं धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीसरे नामजद अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। इससे पूर्व दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। पुलिस अब प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी 2026 की रात्रि में वादिनी ओरियन मॉल से बाहर निकल रही थीं। आरोप है कि उसी दौरान तीन युवकों ने उनके ऊपर अभद्र टिप्पणी की। महिला द्वारा अनदेखा कर आगे बढ़ने पर आरोपितों ने कथित रूप से उनका पीछा किया और एम्स अस्पताल के गेट नंबर-2 के समीप पहुंचकर गलत हरकत की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना से आहत पीड़िता ने थाना एम्स में तहरीर दी, जिसके आधार पर मु0अ0सं0 52/2026 के तहत धारा 74, 296(ए), 351(3), 352 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले दो अभियुक्तों—सूरज गुप्ता एवं अमृत विश्वकर्मा—को 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
Lucknow News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कांग्रेस पर हमला, कहा- झूठ से देश को बदनाम कर रही कांग्रेस
इसी क्रम में घटना से संबंधित तीसरे अभियुक्त आदित्य राव पुत्र सत्येन्द्र राव, निवासी रामपुर खास, थाना रामपुर कारखाना, जनपद देवरिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
थाना एम्स पुलिस का कहना है कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।