Gorakhpur: देवरिया बाईपास पर बाल श्रम का भंडाफोड़, पुलिस ने दो मासूमों को कराया मुक्त

बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल श्रम पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 June 2026, 6:54 PM IST

Gorakhpur: बच्चों के अधिकारों की रक्षा और बाल श्रम पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया।

थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) की टीम ने देवरिया बाईपास क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों बच्चों को काम करते हुए पाया, जिसके बाद उन्हें तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन में एएचटी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ बाल श्रम, मानव तस्करी और बाल शोषण की रोकथाम के लिए नियमित अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में थाना रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित देवरिया बाईपास पर चेकिंग के दौरान दो नाबालिग बच्चे श्रम करते हुए मिले। बच्चों की उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से मुक्त कराया और थाना एएचटी ले आई।

थाने पर दोनों बच्चों से संवेदनशीलता के साथ पूछताछ की गई तथा उनके परिवार, निवास और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाई गईं। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सिटी चाइल्ड लाइन गोरखपुर की टीम सक्रिय हुई और कुछ ही देर में थाना पहुंच गई।

यूपी में मौसम का बिगड़ रहा मिजाज; गोरखपुर-कानपुर समेत इन 10 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

सिटी चाइल्ड लाइन की ओर से केस वर्कर निलेश कुमार कश्यप और सुपरवाइजर धर्मेन्द्र कुमार यादव ने बच्चों की काउंसलिंग कर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद दोनों बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया ताकि उन्हें बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कानूनी और पुनर्वास संबंधी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बाल श्रम कानूनी अपराध

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक और कानूनी अपराध है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्राप्त है। आर्थिक या अन्य कारणों से बच्चों को मजदूरी में झोंकना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ऐसे मामलों की सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित एजेंसियां तत्काल कार्रवाई कर रही हैं।

गोरखपुर GIDA में 208 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स से MSME उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा

गोरखपुर पुलिस ने कहा कि बाल श्रम और बाल शोषण के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 June 2026, 6:53 PM IST