
आईएमए का कैंडल मार्च
Gorakhpur: गोरखपुर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के होनहार छात्र डॉ. आकाश पांडे तथा युवक उमेश शर्मा की असामयिक मृत्यु को लेकर चिकित्सक समाज में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। इस घटना के विरोध में Indian Medical Association (आईएमए) गोरखपुर की ओर से कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों और नागरिकों ने भाग लेकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि ड्रिंक एंड ड्राइव जैसी घोर लापरवाही का परिणाम है। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि यह सीधे तौर पर किसी की जान से खेलने जैसा अपराध है। एक प्रतिभाशाली युवा और भविष्य के चिकित्सक डॉ. आकाश पांडे का इस तरह असमय चले जाना पूरे चिकित्सक समुदाय के लिए अत्यंत पीड़ादायक और अस्वीकार्य है। वहीं इस दुर्घटना में उमेश शर्मा की मौत भी बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज के लिए गंभीर चेतावनी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि ड्रिंक एंड ड्राइव जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोका जा सके।
आईएमए गोरखपुर के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. शुक्ला ने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना था कि यदि ऐसे मामलों में कड़ी सजा नहीं होगी तो समाज में गलत संदेश जाएगा।
वहीं संगठन के सचिव डॉ. वाई. सिंह ने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि आईएमए की ओर से भी पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस श्रद्धांजलि सभा में श्री गगन गुप्ता, डॉ. डी.के. सिंह, डॉ. दिनेश चंद्र, डॉ. बबीता शुक्ला, डॉ. प्रकाश चंद शाही, डॉ. राजेश गुप्ता, डॉ. ऋषभ गुप्ता, डॉ. वीना मल्ल, डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. स्मिता मोदी और भारतेंद्र जैन सहित शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। कार्यक्रम में बीआरडी मेडिकल कॉलेज तथा शहर के करीब 150 से अधिक चिकित्सक और छात्र शामिल हुए।
सभा में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कड़े कानून लागू करने, सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और दोषियों को कठोर सजा दिलाने की मांग करते हुए समाज को भी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
Location : Gorakhpur
Published : 6 March 2026, 7:51 PM IST
Topics : BRD Students Candle March death Gorakhpur IMA