Gorakhpur: विधायक निधि से बनी सड़क आठ फीट नीचे धंसी, आवागमन बाधित

गोला तहसील मुख्यालय के पास बारानगर सरयू कैनाल की उत्तर पटरी पर बना पक्का मार्ग गुरुवार देर शाम अचानक धंस गया। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई भारी वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 17 July 2026, 1:52 AM IST

Gorakhpur: गोला तहसील मुख्यालय के समीप बारानगर सरयू कैनाल की उत्तर पटरी पर बना पक्का मार्ग गुरुवार देर शाम अचानक धंस गया। सड़क का करीब आठ फीट चौड़ा और लगभग आठ फीट गहरा हिस्सा देखते ही देखते नीचे बैठ गया, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद मार्ग पर आवागमन तत्काल रोक दिया गया। गनीमत रही कि सड़क धंसने के समय वहां से कोई बड़ा वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही तहसीलदार सत्येंद्र मौर्य राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त स्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर नहर विभाग के अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और देर शाम जेसीबी मशीन लगाकर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। प्रशासन का कहना है कि मार्ग को जल्द सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल कराया जाएगा।

विधायक निधि से बना रोड

स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व क्षेत्रीय जनता की मांग पर विधायक निधि से बारानगर सरयू कैनाल की उत्तर पटरी पर इस सड़क का निर्माण कराया गया था। यह मार्ग ग्राम सुअरज नहर पुल से गोला-कौड़ीराम मार्ग स्थित रानीपुर नहर पुल तक जाता है। इसी सड़क से होकर बड़ी संख्या में लोग तहसील, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला, विकास खंड कार्यालय सहित अन्य सरकारी कार्यालयों तक पहुंचते हैं। सड़क बनने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों की आवाजाही आसान हो गई थी।

गोरखपुर में महिला पर जानलेवा हमला, पिता-पुत्र और बेटी समेत एक ही परिवार के तीन आरोपी गिरफ्तार

ग्रामीणों का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि नहर की नियमित सफाई नहीं कराई गई और पटरी में बने रैट होल (चूहों के बिल) तथा अंदरूनी कटान की समय पर मरम्मत नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते पटरी कमजोर होती चली गई और आखिरकार सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। लोगों ने नहर विभाग से पूरे मार्ग का तकनीकी परीक्षण कराने और कमजोर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गोरखपुर में प्रशासनिक फेरबदल: सदर समेत चार तहसीलों के एसडीएम बदले, डीएम ने जारी किए आदेश

नहर विभाग ने कार्य किया शुरू

फिलहाल नहर विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से को भरने और पटरी को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा होने के बाद यह महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग फिर से सुरक्षित रूप से आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 July 2026, 1:49 AM IST