गोरखपुर : एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.30 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र थमाने वाला गिरफ्तार

गोरखपुर में एम्स में वार्ड ब्वाय की नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से 1.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोपी जयसिंह को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 June 2026, 5:44 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के जिले गोरखपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एम्स थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एम्स गोरखपुर में वार्ड ब्वाय के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 1.30 लाख रुपये की ठगी करने तथा फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयसिंह पुत्र हरि प्रताप सिंह निवासी अहिरौली, सरदार नगर, थाना चौरी चौरा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना एम्स में मुकदमा अपराध संख्या 433/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। काफी समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

वार्ड ब्वाय के पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ने एक महिला को एम्स गोरखपुर में वार्ड ब्वाय के पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिलाया। सरकारी नौकरी पाने की उम्मीद में महिला ने आरोपी को 1 लाख 30 हजार रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने महिला को कथित नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया। जब नियुक्ति पत्र की जांच कराई गई तो वह फर्जी निकला। इसके बाद पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उसने थाना एम्स में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

करी दिलाने के नाम पर ठगी

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक एम्स के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, आरक्षी वारिश अहमद तथा महिला आरक्षी निकिता पाल शामिल रहीं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि किसी भी सरकारी या निजी नौकरी के नाम पर धनराशि मांगने वाले व्यक्तियों के झांसे में न आएं तथा नियुक्ति संबंधी दस्तावेजों की आधिकारिक स्तर पर जांच अवश्य करा लें। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 June 2026, 5:44 PM IST