Gonda News: 50 साल पुराने मंदिर में अराजक तत्वों ने तोड़ी शिवलिंग और नंदी की मूर्ति; आक्रोश में 20 गांव, जानें क्या है मामला

गोंडा में 50 साल पुराने मंदिर के शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने पहुंचाया नुकसान। आक्रोशित ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी। जानिए क्या है धनौली गांव के वर्तमान हालात।

Updated : 3 May 2026, 1:13 AM IST

Gonda: जनपद के तरबगंज थाना क्षेत्र के धनौली गांव में शनिवार की रात आस्था को चोट पहुंचाने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहाँ के एक प्रसिद्ध शिवालय में देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर अराजक तत्वों ने शिवलिंग और नंदी की मूर्ति को खंडित कर दिया। रविवार सुबह जब ग्रामीण पूजन के लिए पहुँचे, तो मंदिर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। इस घटना के बाद से धनौली और आसपास के करीब 20 गांवों के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

कीर्तन करने पहुंचे ग्रामीणों को मिली खंडित मूर्तियां

जानकारी के अनुसार, गांव के शिव मंगल सिंह और सिद्धमान राणा शनिवार रात लाइट आने पर शिवालय में कीर्तन करने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने मंदिर परिसर में प्रवेश किया, उन्होंने देखा कि शिवलिंग और नंदी की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पूरे गांव को दी, जिसके बाद देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मंदिर पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

Auraiya News: मुठभेड़ के बाद दुकानदार को बाइक से घसीटने वाले तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली

50 वर्ष पुराना है धनौली का यह शिवालय

शिवालय के संरक्षक राजा बक्स सिंह ने बताया कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और करीब 50 वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने चंदा एकत्र कर इसकी पुनर्स्थापना कराई थी। यहाँ नंदी की भी विशाल प्रतिमा स्थापित है। शिवरात्रि के अवसर पर यहाँ पाँच दिनों तक विशेष मेले और पूजन का आयोजन होता है, जिसमें दूर-दराज के श्रद्धालु शामिल होते हैं। पुजारी पंडित बजरंगी मिश्र के शाम को घर जाने के बाद इस कुकृत्य को अंजाम दिया गया, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरा आघात लगा है।

Deoria News: सड़क हादसे में मासूम की मौत से भड़का आक्रोश, परिजनों ने बरियारपुर चौराहे पर लगाया जाम, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

अयोध्या से लाया जा रहा नया शिवलिंग, पुलिस जांच में जुटी

घटना की गंभीरता को देखते हुए तरबगंज पुलिस मौके पर पहुँची और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और नई मूर्तियों की पुनर्स्थापना के लिए पुलिस कर्मियों के साथ ग्रामीणों की एक टीम अयोध्या भेजी गई है। पुलिस ने अज्ञात अराजक तत्वों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gonda

Published :  3 May 2026, 1:13 AM IST