गाजियाबाद: स्पीड ब्रेकर से उछलकर 50 फीट तक घिसटा बाइक सवार, खाना लेने निकले युवक की दर्दनाक मौत

गाजियाबाद के राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में नया बना स्पीड ब्रेकर बाइक सवार राहुल कुमार के लिए जानलेवा साबित हुआ। खाना लेने निकले युवक की बाइक उछलकर 50 फीट तक घिसटी और उसकी मौत हो गई। परिवार ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 June 2026, 10:27 AM IST

Ghaziabad: राजेंद्र नगर सेक्टर-2 इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। आरएम ब्लॉक सोसायटी के बाहर बने नए स्पीड ब्रेकर ने एक युवक की जान ले ली। घटना में बाइक सवार राहुल कुमार की मौत हो गई, जो खाना लेने के लिए घर से निकला था। अचानक हुए हादसे से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

बाइक उछली, 50 फीट तक घिसटता चला गया युवक

जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार अपनी बाइक से भोजन लेने के लिए निकले थे। जैसे ही वह सोसायटी के पास पहुंचे, वहां हाल ही में बनाए गए स्पीड ब्रेकर पर उनकी बाइक तेज झटके से उछल गई। नियंत्रण खोने के बाद राहुल हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े और करीब 50 फीट तक घिसटते चले गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

Ghaziabad Accident: दिल्ली-मेरठ हाईवे पर पलभर में उजड़ गई दो घरों की खुशियां, मची चीख-पुकार

हेलमेट नहीं था, गंभीर चोटों से मौत

बताया जा रहा है कि हादसे के समय राहुल ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे सिर पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और इलाके में शोक की लहर फैल गई।

नगर निगम पर लापरवाही के आरोप

पीड़ित परिवार ने इस हादसे के लिए नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का आरोप है कि स्पीड ब्रेकर को सही तरीके से चिह्नित नहीं किया गया था और उस पर ज़ेब्रा लाइन भी नहीं बनी थी। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण यह जानलेवा हादसा हुआ। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एक दिन पहले ही बना था ब्रेकर

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह स्पीड ब्रेकर केवल एक दिन पहले ही यानी 6 जून को बनाया गया था। सोसायटी के निवासियों ने लंबे समय से सड़क पर हो रहे हादसों को देखते हुए ब्रेकर की मांग की थी। हालांकि, ब्रेकर बनने के तुरंत बाद ही यह बड़ा हादसा हो गया, जिससे लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों बढ़ गई है।

रात 2 बजे बेसमेंट में लगी आग… चार्जिंग पर खड़ी EV कार बनी ‘मौत का धुआं’, इमारत में फंसे लोग!

हादसे के बाद तोड़ा गया स्पीड ब्रेकर

घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई। विवाद बढ़ने पर संबंधित स्पीड ब्रेकर को मौके पर ही तोड़ दिया गया। सोसायटी के लोगों का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए बनाया गया ढांचा ही अब मौत का कारण बन गया।

पुलिस जांच जारी, केस दर्ज की तैयारी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है कि लापरवाही कहां और किसकी रही। जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ghaziabad

Published :  10 June 2026, 10:27 AM IST