हिंदी
अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Ghaziabad: गाजियाबाद में मुरादनगर थाना क्षेत्र में स्थित सैतली गांव के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी चिराग त्यागी का शव सांई उपवन के जंगल में मिला। राहगीरों ने आधी रात करीब 12 बजे जंगल में शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में चिराग के शरीर पर चोटों के कई निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले उनके साथ मारपीट की गई और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
अभी तक की जांच में पता चला है कि चिराग त्यागी दिल्ली स्थित स्पोर्ट्स अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे थे और वहीं हॉस्टल में रहते थे। शनिवार सुबह करीब 9 बजे वह बाइक टैक्सी से अकादमी से निकले थे और घर लौटने वाले थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि उसी दिन उनकी प्रेमिका से भी मुलाकात होने वाली थी। बताया जा रहा है कि चिराग त्यागी की प्रेमिका इंदौर से गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पहुंची थी। युवती ने काफी कॉल चिराग त्यागी को किए थे, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिराग आमतौर पर दो मोबाइल फोन रखते थे। घटनास्थल और जांच के दौरान एक फोन नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए फोन साथ ले जाया गया। जांच अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल फोन इस मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकता है। कॉल डिटेल और लोकेशन रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
सिटी कोतवाली क्षेत्र की एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि पुलिस दिल्ली स्पोर्ट्स अकादमी से लेकर गाजियाबाद तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती फुटेज में चिराग अकादमी से निकलते हुए दिखाई दिए हैं, लेकिन उसके बाद उनकी गतिविधियों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दिल्ली से निकलने के बाद वह किन लोगों के संपर्क में आए और गाजियाबाद के उस इलाके तक कैसे पहुंचे जहां उनका शव मिला।
Double Murder in Ghaziabad: गाजियाबाद में डबल मर्डर से मचा हड़कंप, मां-बेटे का धारदार हथियार से कत्ल
चिराग त्यागी भारतीय पैरा एथलेटिक्स में उभरते हुए खिलाड़ियों में गिने जाते थे। हाल ही में मार्च में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने दो पदक जीते थे। 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने एशियन गेम्स के लिए भी क्वालिफाई किया था। उनकी उपलब्धियों ने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। अचानक हुई मौत की खबर से खेल जगत, गांव और परिजनों में गहरा शोक है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल हत्या के हर संभावित एंगल पर जांच जारी है।
Location : Ghaziabad
Published : 31 May 2026, 9:50 AM IST