जालौन के कोंच क्षेत्र में शादी से पहले युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में बड़ी बहन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पिता की मौत के बाद दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Symbolic Photo
Jalaun: शादी की तैयारियों के बीच अचानक घर में मातम छा गया। जालौन जिले के कोंच कोतवाली क्षेत्र के गोखले नगर में रहने वाली नेहा प्रजापति ने घर के किचन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने उसका शव लटका देखा तो कोहराम मच गया। मौके से मिले सुसाइड नोट में नेहा ने अपनी बड़ी बहन रोली पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
पिता की मौत के बाद बिगड़े हालात
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेहा 4 बहनों में तीसरे नंबर पर थी। बड़ी बहन मीनू की शादी चार साल पहले इटावा में हुई थी, जबकि दूसरी बहन रोली की शादी 12 फरवरी को कानपुर में हुई थी। सबसे छोटी बहन 18 वर्षीय रक्षा पढ़ाई कर रही है। नेहा की शादी 14 मार्च को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थी।
इसी बीच 25 फरवरी को पिता अवध बिहारी प्रजापति की कैंसर से मौत हो गई। अवध खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। पिता के निधन के बाद नेहा काफी गुमसुम रहने लगी। उसे लगने लगा कि रोली ने अपनी शादी में जल्दबाजी की और पिता के इलाज पर ध्यान नहीं दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार झगड़े होते थे।
झगड़े के बाद उठाया कदम
परिवार के लोगों के अनुसार, सोमवार को भी नेहा और रोली के बीच तीखी बहस हुई। नेहा ने बहन से कहा कि अगर उसने अपनी शादी की बजाय खेत बेचकर पिता का इलाज कराया होता तो शायद वह आज जिंदा होते और उसकी शादी में शामिल होते। बहस के बाद देर रात नेहा ने किचन में फांसी लगा ली। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
सुसाइड नोट में पैसों का पूरा हिसाब
नेहा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि उसकी मौत की जिम्मेदार उसकी बहन रोली है, जो उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। उसने अपने बैंक खाते और घर में रखे पैसों का भी जिक्र किया। सुसाइड नोट के मुताबिक, उसके खाते में 34 हजार रुपए हैं और 14 हजार रुपए रजिस्टर में रखे हैं। इन पैसों से पहले मंगेतर अंकित द्वारा पिता के इलाज में दिए गए पैसे लौटाने, फिर घर का कर्ज चुकाने की बात लिखी। नेहा ने मंगेतर से माफी मांगते हुए यह भी लिखा कि यदि संभव हो तो शादी की जो तैयारियां हो चुकी हैं, उनके मद्देनजर छोटी बहन रक्षा की शादी उससे करा दी जाए। उसने इस फैसले के लिए सभी से माफी मांगी।