
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- AI)
Noida: गौतमबुद्ध नगर में रविवार को हरियाली बढ़ाने के लिए बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। जिले में एक ही दिन में करीब पांच लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्कों, हरित क्षेत्रों, सेंट्रल वर्ज और खाली पड़ी सरकारी जमीनों को चिन्हित कर लिया गया है। जहां बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे।
नोएडा प्राधिकरण शहर के अलग-अलग हिस्सों में करीब ढाई लाख पौधे लगाएगा। इस बार सबसे ज्यादा जोर मियावाकी पद्धति से सघन पौधरोपण पर रहेगा। जिससे कम जगह में घना जंगल विकसित किया जा सके। सेक्टर-82 में पांच हजार पौधे लगाए जाएंगे। वहीं, पर्थला गोलचक्कर से सेक्टर-115 तक 15 हजार, सेक्टर-160 से 167 के बीच 15 हजार और सेक्टर-63 स्थित हल्दीराम के पास करीब ढाई हजार पौधे लगाने की योजना तैयार की गई है। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी पौधरोपण होगा।
यह भी पढ़ें-गौतमबुद्ध नगर के किसानों ने कहा- योगी से अच्छी तो अखिलेश यादव की सरकार थी, सरकार की नीतियों की खोली पोल
ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण मिलकर करीब 2.66 लाख पौधे लगाएंगे। प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को 1,77,102 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया था, लेकिन प्राधिकरण इससे आगे बढ़ते हुए 1.89 लाख पौधे लगाने जा रहा है। उद्यान विभाग ने इसके लिए हरित क्षेत्र, पार्क और सेंट्रल वर्ज को पहले ही चिन्हित कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 में 75 मीटर चौड़े हरित क्षेत्र के साथ आवासीय सेक्टर जू-3 और पी-3 की खाली जमीनों पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाए जाएंगे। अभियान में विभिन्न सामाजिक संगठनों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े एनजीओ भी भाग लेंगे। पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि लगाए गए पौधे लंबे समय तक सुरक्षित रह सकें।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने चालू वित्तीय वर्ष में शहर की हरियाली बढ़ाने के लिए 107 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। अधिकारियों का कहना है कि पौधरोपण अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे वर्ष शहर को अधिक हराभरा बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा। इसके तहत नए ग्रीन बेल्ट विकसित करने, मियावाकी फॉरेस्ट तैयार करने और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर पौधे लगाने की योजना पर काम जारी रहेगा।
Location : Noida
Published : 12 July 2026, 10:41 AM IST