
मंदिर-मस्जिद से शुरू होगी गांधी जयंती की सुबह (Img: Dynamite News)
Sultanpur: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के गांधी जयंती के अवसर पर जिले में शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन की ओर से इसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। सुबह 6 से 7 बजे के बीच जिले के मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और गिरजाघरों में एकल प्रार्थना आयोजित की जाएगी। इस दौरान महात्मा गांधी के विचारों और उनके जीवन मूल्यों पर चर्चा भी की जाएगी।
गांधी जयंती कार्यक्रमों की अगली कड़ी में सुबह 7:30 बजे जिले में विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी समय सभी विकासखंड मुख्यालयों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित शिलापट्टों की सफाई की जाएगी और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए माल्यार्पण कार्यक्रम होगा।
सुबह 8:30 बजे पंत स्टेडियम में पैदल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वालों के बीच आयोजन के बाद पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली और गांधी जी के विचारों से जोड़ना भी है।
सुबह 9 बजे जिले के सभी सरकारी भवनों और अन्य संस्थाओं पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण और माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान प्रार्थना सभा भी आयोजित होगी, जिसमें गांधी जी के जीवन संघर्ष और देश के लिए उनके योगदान को याद किया जाएगा।
प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को महात्मा गांधी के जीवन संघर्ष, देश सेवा और उनके जीवन मूल्यों से परिचित कराया जाएगा। इसके साथ ही स्वच्छता, भावनात्मक एकता और देश की अखंडता जैसे विषयों पर भी उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रमों के जरिए गांधी जी के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
गांधी जयंती पर जिले में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों की मलिन बस्तियों सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की जाएगी। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया जाएगा।
सुल्तानपुर में 2511 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, बच्चों के स्वास्थ्य की हुई जांच
सुबह 11 बजे कुष्ठ रोगियों को उपचार उपलब्ध कराने के साथ फल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे जिला कारागार के महिला बंदीगृह और क्षय रोग चिकित्सालय में फल वितरित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए जरूरतमंद लोगों के बीच सेवा और सहयोग का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रमों की कड़ी में दोपहर 2 बजे लोगों से अपने-अपने घरों में एकल चरखा यज्ञ करने का आह्वान किया गया है। गांधी जी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से जुड़े विचारों को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को भी गांधी जयंती के आयोजन का हिस्सा बनाया गया है।
गांधी जयंती के सभी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी आयोजन कराने की तैयारी की गई है। जिले में सुबह से दोपहर तक अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे।
Location : Sultanpur
Published : 1 October 2026, 7:09 PM IST
Topics : Gandhi Jayanti 2026 Gandhi Jayanti Programs Mahatma Gandhi sultanpur news Swachhata Abhiyan