Varanasi Airport: वाराणसी एयरपोर्ट पर अचानक थमीं उड़ानें, कई फ्लाइट डायवर्ट; जानिए पूरा अपडेट

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हवाई यातायात प्रभावित हो गया। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट को करीब आधे घंटे आसमान में चक्कर लगाने के बाद अयोध्या डायवर्ट किया गया। अहमदाबाद और नवी मुंबई से आने वाली दो फ्लाइट्स लखनऊ भेजी गईं।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 11 August 2026, 3:22 PM IST

Varanasi: मंगलवार दोपहर वाराणसी एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रनवे में अचानक खराबी सामने आने के बाद विमानों की लैंडिंग रोक दी गई। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट करीब आधे घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रही, लेकिन उसे उतरने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद विमान को अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया। वहीं कई दूसरी फ्लाइट्स को लखनऊ भेज दिया गया, जबकि कुछ विमानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया।

दिल्ली से आई फ्लाइट हवा में लगाती रही चक्कर

रनवे में खराबी का सबसे ज्यादा असर वाराणसी आने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा। दिल्ली से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5025 करीब आधे घंटे तक वाराणसी के आसमान में चक्कर लगाती रही। पायलट को एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। रनवे के बंद होने की स्थिति को देखते हुए विमान को बाद में अयोध्या डायवर्ट कर दिया गया। यात्रियों को अचानक सामने आई इस स्थिति के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

एक ही थाली में खाना, एक ही कमरे में ठिकाना… फिर क्यों ले ली जान? वाराणसी में दोस्त ही बना दोस्त का कातिल

अहमदाबाद और नवी मुंबई की फ्लाइट्स लखनऊ डायवर्ट

जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6805 और नवी मुंबई से वाराणसी आ रही फ्लाइट 6E-2442 को लखनऊ डायवर्ट किया गया। इसके अलावा अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन अन्य फ्लाइट्स को उनके संबंधित एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया। इस वजह से वाराणसी आने और यहां से उड़ान भरने वाले यात्रियों का शेड्यूल प्रभावित हुआ। फिलहाल रनवे में किस तरह की खराबी आई थी, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दो घंटे तक बंद रखा गया रनवे

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रनवे की मरम्मत का काम चल रहा है। इसी वजह से मंगलवार दोपहर एक बजे से तीन बजे तक विमानों का आवागमन रोक दिया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे में खराबी सामने आने के बाद तत्काल मरम्मत का काम शुरू कराया गया। इसी वजह से दो घंटे के लिए विमानों का संचालन बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि काम पूरा होने के बाद उड़ानों का संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।

सीट के नीचे छिपा था बड़ा राज… वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री गिरफ्तार, जांच में तस्करी के कनेक्शन की आशंका!

एयरलाइंस काउंटर पर यात्रियों की भीड़

फ्लाइट्स के डायवर्जन और संचालन प्रभावित होने के बाद एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी साफ दिखाई दी। कई यात्री एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, यात्रियों को लेने एयरपोर्ट पहुंचे उनके परिजन भी परेशान नजर आए। लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही थी कि उनकी फ्लाइट वाराणसी आएगी या उसे किसी दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया है।

Location :  Varanasi

Published :  11 August 2026, 3:22 PM IST