
थाना परिसर में आयोजित संयुक्त बैठक
Farrukhabad: जनपद फर्रुखाबाद के थाना कमालगंज में चल रहा झंडा विवाद सुलझ गया। दोनों समुदायों ने मिलकर त्योहार मनाने का संकल्प लिया है। कमालगंज क्षेत्र में बीते दिनों हुआ झंडा विवाद मंगलवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। थाना परिसर में आयोजित संयुक्त बैठक में दोनों समुदायों के प्रतिनिधि शामिल हुए और आगामी त्यौहारों को शांति व सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार, बैठक में गणेश सेवा समिति और बारावफात कमेटी के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष ने की। इसमें सभी ने स्पष्ट कहा कि समाज की एकता और भाईचारा ही क्षेत्र की पहचान है, इसलिए त्योहार मिल-जुलकर मनाए जाएंगे।
दोनों समुदायों के लोगों ने कहा कि वे किसी भी विवाद को नहीं होने देंगे और आपसी भाईचारे को बनाए रखेंगे। बैठक के दौरान सभी ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया, जिन्होंने समय रहते पहल कर विवाद को शांतिपूर्वक सुलझा दिया।
गांव-क्षेत्र में अब लोगों के बीच यह संदेश जा रहा है कि सौहार्द से बढ़कर कुछ नहीं। ग्रामीणों ने कहा कि इस पहल से त्योहारों की रौनक और बढ़ेगी भाईचारे की मिसाल पेश होगी।
Location : farrukhabad
Published : 3 September 2025, 3:43 AM IST
Topics : dispute Farrukhabad flag Kamlaganj peace meeting