फतेहपुर में 5 ट्रक पकड़े गए, अंदर का नजारा देख मच गया हड़कंप

फतेहपुर में मवेशियों से लदे 5 ट्रक पकड़े गए। हिंदू संगठनों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। कई मवेशियों की हालत खराब और मौत की सूचना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 September 2026, 7:46 PM IST

Fatehpur : जिले में मवेशियों से लदे पांच ट्रकों के पकड़े जाने के बाद हड़कंप मच गया। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ बायपास के पास भैरमपुर का बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वाहनों को रोककर विरोध जताया और मवेशियों को क्षमता से अधिक भरकर ले जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

ट्रकों में बड़ी संख्या में भैंसें मिलीं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पांचों ट्रकों में बड़ी संख्या में भैंसें लदी हुई थीं। बताया जा रहा है कि कई मवेशियों की हालत खराब थी, जबकि कुछ मवेशियों की मौत की सूचना भी सामने आई है। मृत मवेशियों को प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर दफनाया जा रहा है। हालांकि, मृत मवेशियों की वास्तविक संख्या और मौत के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

साड़ी का फंदा और एक खामोश कमरा, फतेहपुर की इस नवविवाहिता की मौत के पीछे का क्या है रहस्य?

हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

मामले की जानकारी मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वाहनों और उनमें मौजूद मवेशियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हिंदू संगठन के लोगों ने आरोप लगाया कि मवेशियों को वाहनों में क्षमता से अधिक भरकर ले जाया जा रहा था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जांच के बाद साफ होगी पूरी स्थिति

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मवेशियों की संख्या, उनकी स्थिति और मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने आ पाएगी।

 

Location :  Fatehpur

Published :  8 September 2026, 7:46 PM IST