कुत्तों के चक्कर में महिला समेत 5 लोगों के फोड़े सर, कारण जानकर रायबरेली की पुलिस परेशान, पढ़ें पूरा मामला

रायबरेली के महाराजगंज क्षेत्र में कुत्ते को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडों से हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 22 August 2025, 11:10 PM IST

Raibareli: जहां एक तरफ पूरे देश में कुत्तों को लेकर नेशनल मुद्दा बना हुआ है। वहीं एक ऐसा इलाका है, जहां कुत्तों को लेकर लोगों के सर फाड़े जा रहे है। हालांकि, मामला पुलिस तक पहुंच गया। लेकिन यह हादसा इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, रायबरेली जनपद के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। कुत्ते को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा देखते ही देखते लाठी-डंडों की लड़ाई में बदल गया। जिसमें दोनों पक्षों से दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कहां और कैसे हुआ मामला?

घटना महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कोड़री मजरे मोन गांव की है। गांव निवासी रामलौटन का पालतू कुत्ता सुबह पड़ोसी देशराज के दरवाजे के पास गंदगी कर रहा था। इस पर आपत्ति जताते हुए देशराज ने कुत्ते को डंडे से मारकर भगा दिया। यही बात रामलौटन और उसके परिवार को नागवार गुज़री। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। घटना के दौरान दोनों परिवारों के कई सदस्य घायल हो गए।

कौन-कौन हुआ घायल?

खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए है। जिसमें रामलौटन पक्ष उसकी 20 साल की बेटी रौशनी और 24 साल का बेटा रामराज घायल हुआ। जबकि देशराज पक्ष से खुद 35 वर्षीय देशराज, 17 वर्षीय अंकित और 55 वर्षीय जागेश्वरी को चोट आई। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पुलिस ने क्या एक्शन लिया?

घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों से तहरीर लेकर पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि यह विवाद पालतू कुत्ते को लेकर हुआ था, जिसकी वजह से दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Raebareli

Published :  22 August 2025, 11:10 PM IST