योगी कैबिनेट विस्तार के 5 दिन बाद भी विभागों का बंटवारा अधर में… CM Yogi के दिल्ली दौरे के बाद बढ़ी सियासी हलचल

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के पांच दिन बाद भी नए मंत्रियों को विभाग नहीं मिले हैं। आठ नेताओं को शामिल किए जाने के बावजूद अब तक पोर्टफोलियो तय नहीं हो सका है। दिल्ली दौरे और केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद फैसले की उम्मीद जताई जा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 14 May 2026, 6:53 PM IST

Lucknow: योगी कैबिनेट विस्तार में कुल आठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें दो कैबिनेट मंत्री, दो स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री और चार राज्य मंत्री बनाए गए हैं। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं अजीत पाल सिंह और सोमेंद्र तोमर को स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री के रूप में प्रमोशन मिला है।

इसके अलावा कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, हंसराज विश्वकर्मा और कैलाश सिंह राजपूत को राज्य मंत्री बनाया गया है, लेकिन अभी तक किसी को विभाग नहीं सौंपा गया है।

दिल्ली दौरे के बाद बढ़ी चर्चा

सूत्रों के अनुसार विभागों के बंटवारे को लेकर सरकार और संगठन स्तर पर लगातार मंथन चल रहा है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय नेतृत्व से भी इस पर चर्चा हुई है।

कहा जा रहा है कि कुछ महत्वपूर्ण विभागों को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है, जिसके कारण घोषणा में देरी हो रही है।

जातीय और क्षेत्रीय संतुलन पर फोकस

पार्टी सूत्रों का कहना है कि विभागों के बंटवारे में क्षेत्रीय संतुलन, जातीय समीकरण और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को ध्यान में रखा जा रहा है। इसी वजह से अंतिम फैसला लंबा खिंच रहा है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि किन मंत्रियों को मजबूत विभाग मिलेंगे और किनके पोर्टफोलियो में बदलाव होगा, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

जल्द हो सकता है फैसला

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद विभागों के बंटवारे पर अंतिम मुहर लग सकती है। फिलहाल सभी नए मंत्रियों को उनके विभागों के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।

Location :  Lucknow

Published :  14 May 2026, 6:52 PM IST