
प्रतीकात्मक छवि
इटावा: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना कस्बे में शनिवार सुबह एक रिहायशी भवन में श्राद्ध का खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में लीकेज के कारण आग लग गई। हादसे में खाना बना रही दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में दो पुरुष भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, अफरा-तफरी के दौरान एक बुजुर्ग महिला सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई सैफई रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा भरथना कस्बे के मोहल्ला शुक्लागंज में शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। स्थानीय निवासी गणेश गुप्ता पुत्र जगतानंद ने बताया कि उनके छोटे भाइयों की पत्नियां रश्मि देवी (42), पत्नी दीपक गुप्ता, और रानी देवी (46), पत्नी प्रेम किशोर, श्राद्ध के लिए रसोई में खाना बना रही थीं।
इसी दौरान गैस सिलेंडर में लगे रेगुलेटर में लीकेज होने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
रसोई में आग लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं को बचाने के प्रयास में प्रभाकर गुप्ता (40) और दीपक गुप्ता (45) भी झुलस गए। घर में मौजूद बच्चों और अन्य परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई।
वहीं, अफरा-तफरी के दौरान बुजुर्ग लीला देवी सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गईं।
हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग को पूरी तरह बुझाया।
सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं समेत तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया।
Location : Etawah
Published : 10 October 2026, 10:09 AM IST