चुनावी पोस्ट पर बवाल! भाजपा नेत्री की फोटो पर टिप्पणी और धमकी, BDC प्रतिनिधि समेत दो पर केस

चुनावी माहौल के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि भाजपा नेत्री की चुनावी पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी करने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। महिला प्रत्याशी की शिकायत के बाद BDC प्रतिनिधि समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 2 September 2026, 7:38 PM IST
google-preferred

Maharajganj News: सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। आगामी क्षेत्र पंचायत चुनाव से पहले भाजपा नेत्री की पोस्ट पर अभद्र टिप्पणी और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने BDC प्रतिनिधि समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला प्रत्याशी की शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद

मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र का है। भाजपा नेत्री कुसुम प्रजापति पत्नी गौरीशंकर, निवासी महुलानी खास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 26 अगस्त 2026 को आगामी क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव लड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। आरोप है कि इस पोस्ट को देखने के बाद वर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विवेक चौहान पुत्र सीताराम, निवासी खुशियालजोत ने उनकी फोटो के नीचे अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद कथित तौर पर उन्होंने वही टिप्पणी अपने दोस्त जवाहिर पुत्र जानेन्द्र बहादुर, निवासी अवध नगर को व्हाट्सएप के जरिए भेज दी।

पूछताछ करने पहुंची तो धमकी देने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्हें इस मामले की जानकारी हुई तो वह 28 अगस्त को मामले के बारे में पूछने के लिए विवेक चौहान के गांव पहुंचीं। वहां गांव के बाहर ही विवेक और जवाहिर मिल गए। आरोप है कि दोनों ने बातचीत के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की और चुनाव नहीं लड़ने देने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देने के साथ ही निर्वाचन क्षेत्र में उनके खिलाफ आपत्तिजनक बातें भी कहीं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

भाजपा नेत्री की तहरीर के आधार पर बृजमनगंज पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विवेक चौहान और जवाहिर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 351(3) और 352 समेत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चुनावी माहौल के बीच सामने आए इस विवाद ने क्षेत्र की राजनीति को गर्मा दिया है।

Location :  Maharajganj

Published :  2 September 2026, 7:38 PM IST

Related News

Advertisement