
पिता पर दो मासूम बच्चों को जहर देने का आरोप
Gorakhpur : गीडा थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि एक पिता ने अपने ही दो मासूम बच्चों को विषाक्त पदार्थ दे दिया। जिसके बाद दोनों की हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
गोरखपुर के गीडा क्षेत्र से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। आरोप है कि एक पिता ने अपने ही दो मासूम बच्चों को विषाक्त पदार्थ दे दिया। दोनों बच्चों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक बच्चों के बाबा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को… pic.twitter.com/QiKxIdXveT
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) June 5, 2026
रात में मिली सूचना, पुलिस ने संभाला मोर्चा
पुलिस के अनुसार 4 जून की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि थाना गीडा क्षेत्र के बरवा सेक्टर-5 में एक व्यक्ति ने अपने दो बच्चों को विषाक्त पदार्थ दे दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को गंभीर हालत में उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान दोनों मासूमों ने तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया। उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 8 वर्षीय परी और 5 वर्षीय अक्षत शामिल हैं। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम का माहौल छा गया।
गोरखपुर में आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, 44 केंद्रों पर अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
बाबा की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी। मृतक बच्चों के बाबा द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना गीडा में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
पुलिस कर रही अग्रिम विधिक कार्रवाई
पुलिस अफसरों ने बताया कि आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्राधिकारी गीडा ने भी मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 5 June 2026, 10:53 PM IST