
फतेहपुर में पुलिस मुठभेड़ (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक हिन्दू लड़की के साथ दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और फिर उस पर धर्म परिवर्तन (धर्मांतरण) का दबाव बनाने वाले मुख्य आरोपी ओवैश रजा को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और आरोपी के बीच यह मुठभेड़ सोमवार सुबह सदर कोतवाली क्षेत्र के मदारीपुर रोड के पास हुई। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़ित युवती ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने देर शाम तुरंत संगीन धाराओं में मामला (मु0अ0सं0 333/2026) दर्ज कर लिया। आरोपी की पहचान ओवैश रजा, पुत्र अनीस, निवासी अन्दोली (थाना राधानगर) के रूप में हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
यह भी पढ़ें- Amethi News: काम पर निकला था 60 वर्षीय युवक, अस्पताल से आई मौत की खबर, जांच में जुटी पुलिस
सोमवार सुबह जब सदर कोतवाली पुलिस आरोपी ओवैश रजा को पकड़ने के लिए मदारीपुर रोड के पास पहुँची, तो खुद को घिरता देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस को पीछे आता देख उसने पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने अपनी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी ओवैश के बाएं पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया।
यह भी पढ़ें-बदायूं पुलिस की बड़ी कामयाबी: ईद के कर्ज से डकैत बना तस्लीम चढ़ा हत्थे; फायरिंग में सिपाही भी घायल
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। यह पूरा मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67A से संबंधित है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ओवैश रजा के खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से भी मुकदमा दर्ज है।
फतेहपुर पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
Location : Fatehpur
Published : 20 July 2026, 11:55 AM IST