
हादसे के बाद लगी लोगों की भीड़
Fatehpur: जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए एक भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार अधेड़ को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह घटना कैथपुरवा गांव के पास रात करीब 8:10 बजे की है। मृतक की पहचान फूलचंद मौर्य (45 वर्ष), निवासी कैथपुरवा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, फूलचंद मौर्य रोज की तरह अपने काम से लौटकर साइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फूलचंद साइकिल समेत सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। हादसे को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची हुसैनगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को थाने में खड़ा करा दिया।
देवरिया में बढ़ता आवारा कुत्तों का आतंक: सड़क पर निकलना हुआ खतरनाक, अलर्ट मोड में प्रशासन
मृतक फूलचंद मौर्य मेहनतकश व्यक्ति थे। वे खेती-किसानी के साथ-साथ साउंड सर्विस का काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे, सोनू (25), मोनू (23) और रिंकू (21) हैं। पिता की मौत की खबर सुनते ही तीनों बेटों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए और फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर ट्रकों की तेज रफ्तार से आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
रामनगर में ड्रग्स विभाग की बड़ी कार्रवाई: कई मेडिकल स्टोर बंद, लाइसेंस निलंबन की चेतावनी
हुसैनगंज थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 10 November 2025, 5:31 PM IST
Topics : fatehpur news hussainganj police station Raebareli Dalmau road Road Accident Uttar Pradesh Police