
मां दुर्गा की मूर्तियों का धूमधाम से विसर्जन
Fatehpur: फतेहपुर जिले में नवरात्रि उत्सव संपन्न होने के बाद शुक्रवार को मां दुर्गा की मूर्तियों का भू विसर्जन गंगा-यमुना घाटों पर संपन्न हुआ। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से भक्तगण ढोल-नगाड़ों की थाप, जयकारों, रंग-गुलाल और भक्ति गीतों के बीच मूर्तियों को लेकर विसर्जन स्थलों की ओर बढ़े। श्रद्धालु “अगले बरस तू जल्दी आना” का जयघोष करते हुए माता की प्रतिमाओं का विसर्जन करते नजर आए।
पूरे जिले में 2000 से अधिक दुर्गा पंडाल सजाए गए थे। देर शाम तक सभी मूर्तियों का सकुशल भू विसर्जन हो गया। जिला प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। भिटौरा गंगा नदी के श्मशान घाट से आगे विसर्जन के लिए विशेष स्थान तैयार किया गया था। विसर्जन स्थल से 500 मीटर पहले ही वाहनों को रोक दिया गया, केवल मूर्तियों को ले जा रहे वाहनों को ही आगे जाने की अनुमति दी गई।
जिलाधिकारी रविंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अनूप सिंह ने पुलिस बल के साथ विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सकुशल विसर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम सदर, डीएसपी सदर, पुलिस बल और पीएसी जवान पूरे दिन भिटौरा घाट पर मुस्तैद रहे।
मलवा थाना क्षेत्र के आदमपुर गंगा घाट, कल्याणपुर क्षेत्र के शिवराजपुर घाट, और धाता, किशनपुर, विजयपुर, असोथर, दतौली, चांदपुर व जहानाबाद थाना क्षेत्रों के यमुना घाटों पर भी बड़ी संख्या में भक्तों ने मूर्तियों का विसर्जन किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2006 में स्वामी विज्ञानंद महाराज ने गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। अदालत ने इसके बाद देशभर में भू विसर्जन की व्यवस्था लागू करने का आदेश दिया था।
Location : Fatehpur
Published : 3 October 2025, 9:04 PM IST
Topics : Durga pooja Fatehpur idol immersion UP News