
सड़क न बनने से ग्रामीण परेशान (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के देवमई ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मथुरापुर में वर्षों से कच्चा रास्ता ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। मथुरापुर सोसाइटी से चौडगरा-घाटमपुर हाईवे तक जाने वाला मार्ग पक्का न होने के कारण आए दिन स्कूली बच्चे, साइकिल सवार और बुजुर्ग फिसलकर गिर रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीण उमाशंकर पाल ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए कई बार अधिकारियों द्वारा नाप-जोख की गई और जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन भी दिया गया। इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। उनका कहना है कि लंबे समय से ग्रामीण सिर्फ आश्वासन ही सुन रहे हैं।
ग्रामीण श्रीरामलाखन सिंह ने बताया कि कच्चा रास्ता होने के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। कई बार लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
सड़क की खराब स्थिति के कारण कई ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस मार्ग का निर्माण हो जाए तो हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मथुरापुर से चौडगरा-घाटमपुर हाईवे तक सड़क का निर्माण शीघ्र कराया जाए। उनका कहना है कि पक्की सड़क बनने से स्कूली बच्चों, किसानों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, साथ ही दुर्घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
Location : Fatehpur
Published : 23 July 2026, 1:57 PM IST