
सीएचसी में इलाज के लिए लाई गई महिला (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
Farrukhabad: कमालगंज थाना क्षेत्र के शेखपुर स्थित रेलवे गुमटी संख्या 138-सी के पास शनिवार को एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए। गंभीर हालत में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे लोहिया जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान मनिहारी निवासी 40 वर्षीय शबनम के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने पति रियाज के साथ कमालगंज क्षेत्र के देवराजपुर स्थित अपनी ननद के घर जा रही थी। इसी दौरान कासगंज से कानपुर अनवरगंज जा रही 15038 पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद महिला काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर घायल अवस्था में पड़ी रही। एक स्कूली छात्र ने एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए भेजा गया।
मामले की जांच करती पुलिस
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने महिला के पति रियाज को पकड़ लिया और रेलवे गेटमैन के केबिन के बाहर लोहे की जंजीर से बांध दिया। सूचना मिलने पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने पति को भीड़ के कब्जे से छुड़ाया और पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
महिला के रिश्तेदार इस्लाम ने बताया कि शबनम की आंखों की रोशनी काफी कमजोर थी। करीब एक वर्ष पहले उनका मोतियाबिंद का ऑपरेशन भी हुआ था, जिसके बाद उन्हें देखने में परेशानी रहती थी। उन्होंने बताया कि महिला मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी।
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला को धक्का दिए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
थानाध्यक्ष राम सहाय सिंह ने बताया कि महिला के पति से पूछताछ की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और साक्ष्यों व बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Farrukhabad
Published : 11 July 2026, 11:30 PM IST