Farrukhabad: 50 फीट गहरे कुएं में फंसी मासूम, ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर नीचे उतरा सिपाही, फिर हुआ चमत्कार

फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र में स्कूल से लौटते समय पांच वर्षीय छात्रा 50 फीट गहरे कुएं में गिर गई। बहन की चीख सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद सिपाही मनोज ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरे और छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 August 2026, 11:54 AM IST
google-preferred

फर्रुखाबाद: कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के रसीदाबाद बल्लभ गांव में स्कूल से घर लौट रही पांच वर्षीय छात्रा के कुएं में गिरने से हड़कंप मच गया। करीब 50 फीट गहरे कुएं में बच्ची के गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।

पटिया टूटने से कुएं में जा गिरी सौम्या

गांव जहानपुर निवासी पवन कुमार सिंह की पांच वर्षीय बेटी सौम्या अपनी 11 वर्षीय बड़ी बहन अनन्या के साथ प्राथमिक विद्यालय से घर लौट रही थी। रास्ते में दोनों बहनें दिनेश के घर के पास स्थित चबूतरे पर झूला झूलने के लिए पहुंचीं।

इसी दौरान सौम्या कुएं पर रखी पटिया का सहारा लेकर ऊपर चढ़ने लगी। अचानक पटिया टूट गई और वह करीब 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। बच्ची के कुएं में गिरते ही उसकी बहन अनन्या चीखने लगी।

मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड

अनन्या की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा और सीओ राजेश कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

फायर ब्रिगेड की टीम और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य टीम को भी बुलाया गया। कुएं की गहराई अधिक होने के कारण बच्ची को बाहर निकालना चुनौती बन गया।

UP Paper Leak: परीक्षा केंद्रों में ही था पेपर लीक गैंग का खेल? STF के खुलासे से मचा हड़कंप, 5 राज्यों तक नेटवर्क

ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर कुएं में उतरे सिपाही

करीब तीन घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद पुलिसकर्मी मनोज ने साहस दिखाया। ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर वह रस्सी के सहारे कुएं में उतरे और बच्ची तक पहुंचे। इसके बाद सौम्या को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बताया गया कि कुआं करीब 100 वर्ष पुराना है और उसमें पानी नहीं था। रेस्क्यू के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी।

अस्पताल में कराई गई जांच

बाहर निकालने के बाद सौम्या की सीएचसी में जांच की गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार और डॉ. अमरेश कुमार ने बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत ठीक थी। ऑक्सीजन देने के बाद उसे आगे के उपचार के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया गया।

सौम्या के पिता दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई। बेटी के कुएं में गिरने की खबर से मां सपना का रो-रोकर बुरा हाल रहा।

Bareilly News: भतीजी की हत्या के बाद पैरों में ठोंकी 6 कीलें, चाचा ने बताई ऐसी वजह कि पुलिस भी रह गई हैरान

रेस्क्यू के दौरान पुलिस से भिड़ा ग्रामीण

बचाव अभियान देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी। पुलिसकर्मी लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान एक ग्रामीण फौजी की सिपाही से कहासुनी हो गई और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। अन्य पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

Location :  Farrukhabad

Published :  21 August 2026, 11:54 AM IST

Related News

Advertisement