Farmers’ Rights Yatra: खराब मौसम के चलते कांग्रेस की यूपी में किसान अधिकार यात्रा स्थगित, जानें कब से शुरु होगी

खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते कांग्रेस की पश्चिमी यूपी की किसान अधिकार यात्रा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। 7 सितंबर से मुजफ्फरनगर से शुरू होने वाली यह यात्रा अब मौसम सामान्य होने के बाद नई तारीख पर निकाली जाएगी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 6 September 2026, 10:09 AM IST
google-preferred

नोएडा: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पश्चिमी यूपी में प्रस्तावित किसान अधिकार यात्रा को खराब मौसम के चलते फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह यात्रा 7 सितंबर को मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से शुरू होने वाली थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने इसे टालने का फैसला लिया है।

दिल्ली में हाईकमान के साथ हुई बैठक

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की शनिवार देर शाम दिल्ली में पार्टी हाईकमान के साथ बैठक हुई। बैठक में भारी बारिश के कारण किसानों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और युवाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को रोकने का निर्णय लिया गया।

सभी पदाधिकारियों को भेजा गया पत्र

अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला की ओर से दिल्ली और उत्तर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों को पत्र जारी किया गया है। पत्र में बताया गया है कि मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा को दोबारा शुरू करने के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी।

150 किलोमीटर की यात्रा का था कार्यक्रम

बता दें कि कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा मुजफ्फरनगर के मीरापुर से शुरू होकर शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद और हापुड़ होते हुए गौतमबुद्ध नगर के जेवर में समाप्त होनी थी। करीब 150 किलोमीटर लंबी इस यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश और जिला कांग्रेस के 1500 से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

किसानों के मुद्दों को लेकर निकाली जानी थी यात्रा

कांग्रेस की इस यात्रा का उद्देश्य किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाना और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की सक्रियता बढ़ाना था। हालांकि, अब मौसम साफ होने के बाद ही यात्रा की नई तारीख तय की जाएगी।

Location :  Noida

Published :  6 September 2026, 9:24 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement