Bareilly: आम के बाग में मिला खून से लथपथ शव, गांव में किसने फैलाई दहशत?

बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आम के बाग में चारपाई के पास उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 May 2026, 2:43 PM IST

Bareilly : फरीदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर हंस गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया। जब गांव के आम के बाग में एक किसान का खून से लथपथ शव मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब चारपाई के पास शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है, क्योंकि मृतक के शरीर पर कई गोलियों के निशान मिले हैं।

मृतक की पहचान गांव निवासी इंद्रपाल के रूप में हुई है। परिवार और ग्रामीणों के मुताबिक, इंद्रपाल अक्सर अपने आम के बाग की रखवाली के लिए रात में वहीं रुकते थे। शुक्रवार सुबह जब लोग टहलने और खेतों की तरफ जा रहे थे, तभी उनकी नजर चारपाई के पास पड़े शव पर पड़ी। पास जाकर देखा गया तो शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी थीं। सीने, पेट और पैर में गोली लगने के निशान मिले, जबकि आसपास खून फैला हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग की।

पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की आशंका

परिजनों ने हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी को वजह बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले इंद्रपाल की भतीजी को गांव के ही एक युवक द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया था। उसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते गांव के ही रिशिपाल, सर्वेश, विकास और संगम ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। परिजन लगातार पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद डर और तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग खुलकर कुछ बोलने से बच रहे हैं, लेकिन हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

UP Heatwave Alert: रायबरेली में हीटवेव का अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता, अस्पतालों में विशेष इंतजाम

शादी से लौटे, फिर सुबह मिली मौत की खबर

परिवार के मुताबिक, इंद्रपाल गुरुवार रात एक शादी समारोह में शामिल होकर लौटे थे। इसके बाद वह रोज की तरह अपने बाग में सोने चले गए। सुबह काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई। तभी ग्रामीणों से हत्या की खबर मिली। सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोग बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Location :  Bareilly

Published :  1 May 2026, 2:43 PM IST