
8 इनामी बदमाश गिरफ्तार ( सोर्स - रिपोर्टर )
लखनऊ: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सीमेंट बनाने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है और एक अन्य मामले में लूट के वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, एसटीएफ ने लखनऊ के बक्शी तालाब थाना क्षेत्र में नेक्सा मारुति शोरूम के पास स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर नकली सीमेंट बनाने वाले गिरोह के सरगना ठाकुर प्रसाद उर्फ अजय समेत कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान 705 बोरी अल्ट्राटेक, 420 बोरी मायसेम, 365 बोरी एसीसी गोल्ड, 225 बोरी जेके लक्ष्मी डैमेज सीमेंट, और अन्य बड़ी मात्रा में नकली व फ्लाई एश सीमेंट बरामद की गई। इसके अलावा सैकड़ों खाली ब्रांडेड सीमेंट की बोरियां, पैकिंग मशीनें, तौल तराजू, मोबाइल फोन, ट्रैक्टर, बोलेरो और पिकअप वाहन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों में ठाकुर प्रसाद (सीतापुर), मनोज कुमार, संजीत राय, शकील (लखनऊ), सलमान (उन्नाव), विरेंद्र, राम आसरे (सीतापुर) और नसीम (हरदोई) शामिल हैं। एसटीएफ को लंबे समय से नकली सीमेंट के कारोबार की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विशेष निगरानी व अभिसूचना संकलन के बाद यह कार्रवाई की गई।
इसी दिन एसटीएफ की एक अन्य टीम ने कर्नलगंज थाना क्षेत्र, प्रयागराज में पंजीकृत एक लूट के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त समीर को भी गिरफ्तार किया। समीर लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर संगठित लूट व डकैती गिरोह चलाने का आरोप है।
पूछताछ में समीर ने बताया कि वह मूलतः प्रतापगढ़ का निवासी है और उसके गिरोह ने मनमोहन पार्क, प्रयागराज स्थित एक सरिया की दुकान में हथियारों के बल पर 6 लाख रुपये की लूट की थी। लूट की योजना पहले से बनाई गई थी और इसके लिए रेकी भी की गई थी।
समीर को एसटीएफ ने लखनऊ स्थित दूरदर्शन केंद्र के पास से गिरफ्तार किया, जहां वह फरार होने की फिराक में था। गिरोह के अन्य कई सदस्य पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि कुछ ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। गिरफ्तार अभियुक्त समीर को प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में मुकदमा दाखिल किया गया है। आगे की कार्रवाई संबंधित स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 5 June 2025, 6:13 PM IST
Topics : Bakshi Talab police station Colonelganj police station Gang of fake cement makers Nexa Maruti showroom UP Special Task Force