हिंदी
CBI ने पोस्टल इंजीनियर को किया गिरफ्तार (Img : Google)
Prayagraj : प्रयागराज में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाक विभाग के सिविल डिवीजन में तैनात एक कार्यकारी अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप मच गया है। आरोपी पर आरोप है कि वह ठेकेदारों से लंबित बिलों के भुगतान के बदले अवैध वसूली कर रहा था।
सीबीआई के अनुसार, यह मामला 3 जून को दर्ज हुआ था जब एक पंजीकृत ठेकेदार ने शिकायत दी कि पोस्टल सिविल डिवीजन, प्रयागराज में कार्यरत कार्यकारी अभियंता अशोक अग्रवाल द्वारा उसके लंबित बिलों को रोककर रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत में कहा गया कि ठेकेदार की फर्म ने कानपुर देहात, वाराणसी, अकबरपुर, बलरामपुर और प्रयागराज में कार्य किए थे और लगभग 40 लाख रुपये के भुगतान लंबित थे। जिन्हें जारी करने के लिए अवैध धन की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने पहले 3 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में सौदेबाजी के बाद 90 हजार रुपये की रिश्वत ली गई। लगातार दबाव और भुगतान रोकने की धमकी के बाद ठेकेदार ने सीबीआई को शिकायत दी। इसके बाद एजेंसी ने रणनीति बनाकर ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
यूपी में बड़ी वारदात: प्रयागराज में 4 लोगों की हत्या का आखिर कैसे खुला राज? जानिए यहां
4 जून को सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। जैसे ही आरोपी ने रकम स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और सभी साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक अग्रवाल, कार्यकारी अभियंता (सिविल), पोस्टल सिविल डिवीजन, प्रयागराज के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे लखनऊ की सक्षम अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य संभावित संलिप्तताओं की भी जांच की जा रही है। आरोपी के कार्यालय और आवास पर तलाशी अभियान चलाकर दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
Location : Prayagraj
Published : 4 June 2026, 10:19 PM IST
Topics : arrest bribery case CBI crime news prayagraj news