
नल छूते ही लगा करंट Img : pinterest)
Sultanpur : चांदा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। मधुपुरी गांव में समरसेबल हैंडपंप के नल में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पति को करंट से तड़पता देख पत्नी उन्हें बचाने दौड़ीं लेकिन वह भी बिजली के झटके की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजन दोनों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया। पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मधुपुरी गांव निवासी उदय भान तिवारी मंगलवार को समरसेबल हैंडपंप के नल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान नल में उतरे करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया। उदय भान को करंट की चपेट में आया देखकर उनकी पत्नी मंजू तिवारी उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं।
मंजू ने जैसे ही पति को बचाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में वह झुलस गईं। परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को वहां से निकालकर इलाज के लिए सीएचसी प्रतापपुर कमैचा लेकर गए।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उदय भान तिवारी की जांच की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल मंजू तिवारी का प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
सुलतानपुर में कानून को चुनौती, अवैध खनन के आरोपी दबंगों ने किया बड़ा कारनामा
उदय भान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी गांव में फैलते ही वहां भी मातम छा गया। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह समरसेबल हैंडपंप के नल में करंट उतरना बताई जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Location : Sultanpur
Published : 25 August 2026, 6:51 PM IST